राजस्थान ने PM Surya Ghar Scheme में बनाया रिकॉर्ड, 1 लाख से ज्यादा घरों की छतों पर लगे सोलर पैनल

राजस्थान ने पीएम सूर्य घर योजना (PM Surya Ghar Scheme) में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। राज्य में रूफटॉप सोलर पैनल (Rooftop Solar Panels) लगाने का आंकड़ा 1 लाख के पार पहुंच गया है। अब प्रदेश के 1 लाख से अधिक घरों की छतों पर सूरज की रोशनी से बिजली पैदा हो रही है। अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान अब इस योजना में गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और केरल के बाद देश का 5वां सबसे बड़ा राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने का काम तेज गति से हो रहा है।

सरकार की सब्सिडी से आसान हुआ सोलर पैनल लगाना

राजस्थान की तीनों प्रमुख बिजली कंपनियों – जयपुर, अजमेर और जोधपुर डिस्कॉम – ने मिलकर इस उपलब्धि को हासिल किया। जयपुर डिस्कॉम ने 33,922, अजमेर डिस्कॉम ने 32,957 और जोधपुर डिस्कॉम ने 33,378 घरों पर सोलर पैनल लगाए। इन पैनलों की कुल क्षमता 408 मेगावॉट है। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत है सरकारी मदद। लोग सोलर पैनल लगाने के लिए अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी पा सकते हैं। अब तक 86,307 ग्राहकों के बैंक खातों में ₹672 करोड़ की सब्सिडी सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है।
मांग में बढ़ोतरी, हर महीने 10 हजार पैनल लग रहे हैं

योजना के शुरू होने के बाद मांग में भारी उछाल देखा गया। पहले जहां हर महीने केवल 37 पैनल लगाए जा रहे थे, अब यह संख्या 10,000 से अधिक हो गई है। डिस्कॉम कंपनियों ने काम को और आसान बनाने के लिए नए प्रयास किए हैं, जैसे कर्मचारियों के लिए ‘सोलर चैंपियन अवार्ड’ और बिलिंग-मीटरिंग प्रक्रियाओं में सरलता।