राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के मेडिकल ICU में भर्ती कराया गया है। हालिया जांच में उनके स्वाइन फ्लू (H1N1) से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए अस्पताल में भर्ती करने का फैसला लिया।
एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी के मुताबिक, डॉ. किरोड़ी लाल मीना को मेडिसिन विभाग के डॉ. आर.के. भीनमाल की यूनिट के तहत मेडिकल ICU में रखा गया है। उनकी चिकित्सा निगरानी मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. महेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम कर रही है।
स्वाइन फ्लू प्रोटोकॉल के तहत उपचारअस्पताल में डॉक्टरों की टीम H1N1 संक्रमण को ध्यान में रखते हुए निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत मंत्री का उपचार कर रही है। साथ ही उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरी स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
संक्रमण फैलने के जोखिम को देखते हुए डॉक्टरों ने फिलहाल बाहरी लोगों और परिचितों को डॉ. मीना से मुलाकात करने से बचने की सलाह दी है।
राजस्थान में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामलेइस बीच राजस्थान में स्वाइन फ्लू के मामलों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अगस्त के पहले 15 दिनों तक राज्य में 129 H1N1 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके थे। पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 16 थी।
संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में सर्विलांस बढ़ाया है। पड़ोसी राज्यों दिल्ली और उत्तर प्रदेश में संक्रमण बढ़ने के बाद अस्पतालों को आइसोलेशन वार्ड और जरूरी दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसमी संक्रमण को लेकर सावधानीस्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, H1N1 संक्रमण का मौसमी पैटर्न देखा जाता है। हालांकि इस सीजन में मामलों में हुई वृद्धि को देखते हुए सावधानी बरतने और समय पर जांच कराने पर जोर दिया जा रहा है।
फिलहाल डॉ. किरोड़ी लाल मीना का इलाज SMS अस्पताल के मेडिकल ICU में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान में आज फिर बरसेंगे बादल, जयपुर समेत इन संभागों में भारी बारिश का अलर्ट; 27 अगस्त से कमजोर होगा मानसून