जयपुर: राजस्थान महिला कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के उन्नाव दुष्कर्म मामले की पीड़िता के लिए न्याय और आरोपी पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को सजा दिलाने की मांग को लेकर रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ भी महिला कार्यकर्ताओं ने कड़े नारे लगाए।
महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता पीसीसी मुख्यालय से पैदल मार्च करते हुए पुलिस कमिश्नरेट पहुंचीं। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेड्स लगाकर आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह के नेतृत्व में शहीद स्मारक पर करीब आधे घंटे धरना देकर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने केंद्र सरकार से आरोपी पूर्व विधायक को कठोर सजा दिलाने की मांग की।
प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा, एक बेटी सालों से न्याय की तलाश में भटक रही है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिल रहा है। आरोपी का मामला लंबित है और उसकी सजा निलंबित कर दी गई है। देशभर की महिलाएं इस मामले को लेकर आक्रोशित हैं। केंद्र सरकार को चाहिए कि वह आरोपी को बचाने की बजाय उसे सख्त सजा दिलाए। महिला कांग्रेस तब तक शांत नहीं बैठेगी जब तक न्याय नहीं मिल जाता। आज हमने जयपुर में प्रदर्शन किया, आवश्यकता पड़ी तो दिल्ली जाकर भी धरना देंगे और केंद्र का ध्यान आकर्षित करेंगे।
पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए कमिश्नरेट के बाहर कड़े बंदोबस्त किए थे। महिला पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को बैरिकेड्स के पीछे रखा गया। हालांकि, महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास नहीं किया और पुलिस ने उन्हें शहीद स्मारक की तरफ मोड़ दिया। यहां कार्यकर्ताओं ने धरना और प्रदर्शन किया। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने महिला कार्यकर्ताओं को पीसीसी मुख्यालय से रवाना किया।