जयपुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर की ली जान, कई मीटर तक घसीटा

राजस्थान की राजधानी जयपुर में स्वतंत्रता दिवस की शाम (15 अगस्त) एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। यहां एक तेज रफ्तार कार ने सेना के रिटायर्ड कैप्टन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वह कार में फंस गए और करीब 10 मीटर तक घसीटते चले गए। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

चित्रकूट स्टेडियम के पास हुआ हादसा


जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड कैप्टन नरसाराम जाज़ड़ा साइकिल से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। जब वह चित्रकूट स्टेडियम के पास पहुंचे, तभी एक बेकाबू और तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बुजुर्ग का शरीर कार के नीचे फंस गया और वाहन उन्हें काफी दूर तक घसीटकर ले गया।

आरोपी ड्राइवर फरार, पुलिस की जांच तेज

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार चालक बिना रुके गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जयपुर पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू कर दी। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की कोशिश कर रही है।
वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ तस्वीर

सोशल मीडिया पर सामने आए सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि गहरे रंग की एक कार (संभवतः काली या डार्क ब्लू) तेज गति से सड़क पर दौड़ रही है। फुटेज में यह भी नजर आता है कि रिटायर्ड फौजी का शरीर कार के नीचे फंसा हुआ है और गाड़ी उन्हें रौंदते हुए तेज स्पीड में निकल जाती है। साफ है कि ड्राइवर को हादसे का एहसास हुआ होगा, लेकिन उसने न रुकने की कोशिश की और न ही मदद करने का प्रयास किया।

महिला चालक होने की आशंका

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि गाड़ी चला रही व्यक्ति एक महिला थी। हालांकि अभी तक न तो वाहन बरामद हुआ है और न ही चालक की पहचान हो पाई है। सीसीटीवी फुटेज में ड्राइवर सीट पर महिला की मौजूदगी साफ नजर आती है। साथ ही गाड़ी का नंबर भी कैमरे में दर्ज हो गया है। अब पुलिस इस आधार पर जांच कर रही है कि कार किसके नाम पर पंजीकृत है और यह महिला कौन है।