अलवर: जिले के रैणी थाना इलाके में बुधवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डेरा गांव के नजदीक तेज रफ्तार बस और कंटेनर की जोरदार टक्कर में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से पिनान अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अलवर रेफर किया गया।
बस जोधपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन चैनल नंबर 140 के पास पहुंचा, तभी सामने चल रहे कंटेनर से अचानक टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यात्रियों की आपबीती
हादसे में घायल पाली जिले के सोजत निवासी उदय ने बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ जोधपुर से दिल्ली जा रहा था। यात्रा के दौरान सभी सो रहे थे। अचानक जोरदार धमाका हुआ और झटके से नींद खुली। लोग चीख-पुकार करने लगे और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया।
उदय ने कहा कि वह स्वयं और उसका एक साथी भी घायल हो गए। डॉक्टरों ने पहले उन्हें पिनान अस्पताल में भर्ती किया, इसके बाद गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल अलवर रेफर कर दिया। पुलिस की कार्रवाई
सूचना पर पहुंची रैणी थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और कंटेनर को सड़क किनारे लगवाकर यातायात सामान्य कराया। हादसे में जान गंवाने वाले चालक के शव को रैणी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त की कोशिश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।