लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण न हो पाने की घटना अब सियासी गलियारों में गर्म चर्चा का विषय बन गई है। इस मामले पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वहीं लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने घटना को लेकर विस्तार से बयान देते हुए गंभीर टिप्पणी की है।
स्पीकर ने बताया क्यों पीएम नहीं आए
ओम बिरला ने कहा कि देश ने कल की स्थिति को देखा। उन्होंने बताया, “मैंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वह इस समय लोकसभा में उपस्थित न हों। महिला सांसद के अचानक पहुँचने और परिस्थितियों का जायजा लेने के बाद मैंने पीएम को यह सुझाव दिया, क्योंकि उनके साथ किसी अप्रत्याशित घटना की आशंका थी।” सदन की गरिमा पर उठाया सवाल
स्पीकर ने विपक्ष पर चेतावनी दी कि यदि सदन में पोस्टर लाने का प्रयास किया गया तो संसद का संचालन प्रभावित होगा। उन्होंने कहा, “यह सदन की गरिमा के खिलाफ है। प्रधानमंत्री ने मेरे सुझाव को माना, इसके लिए मैं उनका आभारी हूं।” फिलहाल, लोकसभा कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
विपक्ष के कुछ सदस्यों के व्यवहार पर नाराजगी
ओम बिरला ने बताया कि बुधवार को कुछ सदस्यों का व्यवहार अनुचित था। स्पीकर के कार्यालय में विपक्षी सदस्यों के व्यवहार को उन्होंने ‘काला धब्बा’ करार दिया। उन्होंने सभी सांसदों से अपील की कि वे मिलकर सदन के सुचारू संचालन में सहयोग करें, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया बाधित न हो।