दिल्ली में फिर बहा खून..., रोहिणी में डबल मर्डर से सनसनी, दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या

दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक बार फिर सनसनीखेज वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। राजधानी के अमन विहार क्षेत्र में हुए खूनी संघर्ष में दो नाबालिग लड़कों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस डबल मर्डर की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मृतकों की पहचान जॉनी और मयंक के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश को वजह माना जा रहा है।

पुलिस जांच में अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक जॉनी और मयंक अपने एक साथी दिनेश के साथ अमन विहार पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों किसी रितेश नाम के युवक की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनका दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि झगड़े के दौरान जॉनी और मयंक ने एक महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट की। इसके बाद तीनों वहां से भागने लगे। तभी महिला का बेटा और आसपास मौजूद कुछ लोग उनके पीछे दौड़ पड़े। भागदौड़ के दौरान आरोपियों के हाथ से चाकू नीचे गिर गया। इसी बीच पीछा कर रहे नाबालिग ने वही चाकू उठाकर दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में जॉनी और मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके साथ मौजूद तीसरा युवक दिनेश भी घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर हत्या और हत्या के प्रयास का क्रॉस केस दर्ज किया गया है।

हालांकि मृतकों के परिवार वालों का कहना है कि उनके बच्चों की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिजनों ने दावा किया कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर उनके बच्चों को क्यों निशाना बनाया गया। परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।