शाहदरा हादसे के बाद खुलासा, इमारत में पहले से थीं दरारें; दो लोगों की गई जान

दिल्ली के शाहदरा स्थित ज्वाला नगर में इमारत ढहने की घटना के बाद नगर निगम की रिपोर्ट में निर्माण और सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर बातें सामने आई हैं। मंगलवार सुबह गिरी इमारत में तीन साल के बच्चे और 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि चार लोग घायल हुए थे। नगर निगम की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, यह इमारत रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण करके बनाई गई थी और रेलवे लाइन से लगभग 24 मीटर की दूरी पर स्थित थी।

रिपोर्ट में इमारत की उम्र करीब 40 से 50 साल बताई गई है। इसमें भूतल, पहली मंजिल और दूसरी मंजिल का आंशिक निर्माण था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दावा किया कि इमारत की दीवारों में लंबे समय से दरारें थीं और इसकी खराब हालत के बारे में पहले भी चिंता जताई गई थी।

ट्रेन की आवाजाही से कंपन की आशंका

नगर निगम की रिपोर्ट में रेलवे लाइन से गुजरने वाली ट्रेनों के कारण होने वाले कंपन को भी इमारत गिरने के संभावित कारणों में शामिल किया गया है। हालांकि, इसे अभी अंतिम कारण नहीं माना गया है। हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

रिपोर्ट के अनुसार, पहली मंजिल की छत और आंशिक रूप से बनी दूसरी मंजिल को सहारा देने वाले गर्डर कमजोर होकर गिर गए। इसके बाद इमारत का हिस्सा ढह गया। स्थानीय निवासियों ने भी कहा कि ट्रेन गुजरने के दौरान आसपास के मकानों में कंपन महसूस होता है। इन दावों की तकनीकी जांच की जरूरत है।

हादसे में दो की मौत, चार लोग घायल

पुलिस के अनुसार, हादसे में तीन साल के बच्चे देवांश उर्फ लड्डू और 35 वर्षीय पिंटू की मौत हुई। चार घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और नगर निगम की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

पुलिस ने इमारत के मालिक सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। उसके भाई की तलाश की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इमारत की हालत, निर्माण और सुरक्षा मानकों को लेकर किस स्तर पर लापरवाही हुई।

आसपास की इमारतों की जांच के निर्देश

हादसे के बाद रेलवे लाइन के आसपास बने अन्य मकानों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ी है। नगर निगम ने इलाके में जर्जर इमारतों की पहचान करने और उनकी स्थिति की जांच करने की बात कही है। प्रशासन ने जमीन के स्वामित्व की पुष्टि के लिए राजस्व विभाग को भी निर्देश दिए हैं।

यह हादसा दिल्ली में एक महीने से भी कम समय में इमारत गिरने की चौथी बड़ी घटना बताया गया है। ऐसे में पुराने मकानों, अनधिकृत निर्माण और समय पर सुरक्षा निरीक्षण की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।