बिट्टू विवाद में BJP के सिख नेताओं ने राहुल गांधी को घेरा, कहा- हमेशा किया अपमान

बीकानेर में भाजपा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच बढ़ते विवाद ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। इस मुद्दे पर भाजपा के सिख नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर सिख समुदाय का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि राहुल गांधी ने रवनीत बिट्टू को 'गद्दार' कहा। पुरी ने यह भी जोड़ा कि इस तरह का शब्द हल्के में नहीं लिया जा सकता, क्योंकि 'गद्दार' का अर्थ देश के प्रति विश्वासघात करने वाला होता है। उनका कहना था कि यह केवल बिट्टू के प्रति नहीं बल्कि पूरे सिख समुदाय के लिए गंभीर अपमान की बात है।

पार्टी छोड़ने पर गद्दार कहना अस्वीकार्य

हरीदीप सिंह पुरी ने आगे कहा, राहुल गांधी, रवनीत सिंह बिट्टू के कांग्रेस पार्टी छोड़ने से नाराज हैं, लेकिन उन्होंने बिट्टू से यह भी कहा कि आप वापस आएँगे। सिर्फ इसलिए कि एक पगड़ी वाला शख्स आपकी पार्टी छोड़ देता है, आप उसे गद्दार कैसे कह सकते हैं? यह शब्द हमें कतई स्वीकार नहीं है। संसद और सार्वजनिक मंचों पर हमेशा शालीनता और सभ्य भाषा का प्रयोग होना चाहिए।

सिखों के प्रति नफरत का आरोप – मनजिंदर सिंह सिरसा

दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि राहुल गांधी के बयान से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उनका आरोप है कि राहुल गांधी समय-समय पर सिखों को आतंकवादी और देश को बांटने वाला बता चुके हैं। सिरसा ने कहा, देश में अगर कोई गद्दार है तो वह गांधी परिवार है। इन्हीं ने पहले अखबारों में विज्ञापन देकर सिखों को आतंकवादी कहा था। ये परिवार सिखों के प्रति नफरत रखता है।

सिख समुदाय में गुस्सा और आक्रोश

इसके अलावा, भाजपा नेता अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि राहुल गांधी के बयान ने सिख समुदाय में भारी आक्रोश और गुस्सा पैदा किया है। उनका कहना था, जिस व्यक्ति के दादा ने अपने प्राण देश की सेवा में समर्पित किए, वह कैसे ट्रेटर हो गया? यह पहला मौका नहीं है जब राहुल गांधी ने सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। सिख समुदाय इसे कभी नहीं भूलेगा और माफ नहीं करेगा।