छठ घाट जाने से पहले देख लें रूट, बिहारशरीफ में कल सुबह तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

छठ पूजा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और शहर में जाम की आशंका को देखते हुए बिहार के बिहारशरीफ में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन के आदेश के अनुसार, सात प्रमुख मार्गों पर तीन पहिया, चार पहिया और टोटो जैसे छोटे सवारी वाहनों की आवाजाही 15 नवंबर सुबह 11 बजे से 16 नवंबर सुबह 11 बजे तक बंद रहेगी। बड़े वाहनों को शहर के अंदर आने से रोकने के लिए 14 स्थानों पर ड्रॉप गेट और बैरियर लगाए गए हैं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और दूसरे वाहन चालकों की सुविधा के लिए पांच जगह पार्किंग की व्यवस्था भी की है। बसों और दूसरे बड़े वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं, ताकि छठ घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

इन सात मार्गों पर रहेगी रोक

यातायात व्यवस्था के तहत भराव खंदक से पोस्ट ऑफिस मोड़, पुलपर और नवाब रोड होते हुए बिजली खंदक तथा कटरा की ओर जाने वाले रास्ते पर छोटे वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। बिजली खंदक मोड़ से बनौलिया, महलपर और सालुगंज मोड़ होते हुए बाबा मणिराम अखाड़ा तक भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा मोगलकुआं मस्जिद के पास से बासारबिगहा छठ घाट की ओर, सोहसराय चौक से सूर्य मंदिर छठ घाट और आशानगर की दिशा में भी छोटे वाहन नहीं जा सकेंगे।

भैंसासुर मोड़ से टेलीफोन एक्सचेंज होते हुए धनेश्वर घाट और आलमगंज की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी रोक रहेगी। कुमार सिनेमा तीनमुहानी से धनेश्वर घाट की ओर जाने वाले रास्ते और सोगरा कॉलेज से दरगाह तीनमुहानी, नदी मोड़ होते हुए बाबा मणिराम अखाड़ा तक के मार्ग पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा।

पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

श्रद्धालुओं के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने के लिए नेहाल मस्जिद के सामने मैदान, टाउन हाई स्कूल मैदान, सोगरा कॉलेज मैदान, श्रम कल्याण केंद्र मैदान और किसान कॉलेज मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को इन स्थानों पर पार्किंग के संकेतक और बैनर लगाने के निर्देश दिए हैं। ड्रॉप गेट और बैरियर वाले स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी अधिकारियों को दी गई है।

बसों के लिए बदले गए वैकल्पिक रास्ते

शेखपुरा और बरबीघा की तरफ से बिहारशरीफ होकर पटना जाने वाली बसें अब नकटपुरा बाइपास, सोहसराय हॉल्ट मोड़ और पचासा के रास्ते से गुजरेंगी। बरबीघा और अस्थावां की ओर जाने वाले बड़े वाहन तथा मिनी बसों को आदर्श हाई स्कूल के सामने स्थित बरबीघा बस स्टैंड तक ही सीमित रखा जाएगा।

रहुई की तरफ से आने वाले बड़े वाहनों को शेखाना नेशनल हाई स्कूल से पहले रोकने की व्यवस्था है। बख्तियारपुर की ओर से आने वाले वाहन पचासा मोड़ से बाइपास का इस्तेमाल करेंगे। नवादा से पटना जाने वाली सरकारी बसों के लिए कारगिल बस स्टैंड को अस्थायी सरकारी बस स्टैंड बनाया गया है।

पुलिस बल की तैनाती भी रहेगी

यातायात व्यवस्था लागू कराने के लिए संबंधित थानों को बैरियर और ड्रॉप गेट पर पुलिसकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। बीडीओ और अंचल अधिकारियों को भी अपने क्षेत्रों में व्यवस्था की निगरानी करनी है। प्रशासन का उद्देश्य घाटों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रखना और शहर के मुख्य रास्तों पर अनावश्यक जाम से बचना है।

बिहारशरीफ में रहने वाले लोगों और बाहर से आने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय के दौरान प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें। खासकर घाटों के आसपास जाने से पहले वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थल की जानकारी रखना जरूरी होगा।