बिहार में बढ़ीं राजनीतिक हलचलें, CM सम्राट चौधरी ने बुलाई NDA की अहम बैठक; नीतीश कुमार भी हो सकते हैं शामिल

बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार (10 जुलाई) को दोपहर 12 बजे अपने लोक सेवक आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक में गठबंधन के सभी प्रमुख सहयोगी दलों को आमंत्रित किया गया है। जनता दल यूनाइटेड (JDU), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन के पदाधिकारी भी इसमें शामिल होंगे। बैठक करीब दो घंटे तक चलने की संभावना है।

जानकारी के मुताबिक, एनडीए के सभी पांच सहयोगी दलों के जिला अध्यक्षों को भी इस बैठक में बुलाया गया है। इसके अलावा बिहार सरकार के मंत्री, गठबंधन के वरिष्ठ नेता और प्रमुख संगठनात्मक पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस अहम बैठक में हिस्सा ले सकते हैं, हालांकि इसे लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पहली बार जिला स्तर के नेताओं से एक साथ संवाद करेंगे सम्राट चौधरी

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला अवसर होगा, जब सम्राट चौधरी एनडीए के सभी सहयोगी दलों के जिला स्तर के संगठनात्मक नेतृत्व के साथ एक मंच पर संवाद करेंगे। माना जा रहा है कि बैठक के दौरान जिलों की राजनीतिक स्थिति, सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन, संगठन और सरकार के बीच समन्वय तथा जनता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

इसके साथ ही जिला स्तर पर सामने आ रही समस्याओं, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की चुनौतियों पर भी फीडबैक लिया जाएगा। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आम लोगों तक किस तरह पहुंच रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है, इस पर भी नेताओं से विस्तृत राय ली जा सकती है।

बांकीपुर उपचुनाव और आगामी रणनीति पर भी हो सकती है चर्चा

सूत्रों के अनुसार, बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं। इसके अलावा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी रणनीतिक चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि गठबंधन के सभी दलों के बीच चुनावी समन्वय को और मजबूत करने के लिए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

बैठक में एनडीए के घटक दलों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने, संगठन और सरकार के बीच समन्वय को जिला स्तर तक मजबूत बनाने तथा सरकार के कामकाज पर जमीनी फीडबैक लेने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही संगठन के पदाधिकारियों से सुझाव भी लिए जाएंगे, ताकि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। हालांकि आधिकारिक तौर पर बैठक का एजेंडा सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा विकास कार्यों की समीक्षा करना ही बताया गया है।