सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) के इंजन और उससे जुड़े एक कोच में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की चपेट में आने से ट्रेन का एक कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबूजानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। ट्रेन के इंजन से उठती लपटें देखते ही रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया और उसे अन्य डिब्बों तक फैलने से रोक दिया। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जा रही है, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सके।
फायर अधिकारी ने बताया कैसे संभाली गई स्थितिघटना को लेकर असिस्टेंट फायर ऑफिसर निरंजन कुमार ने बताया, हमें सूचना मिली थी कि रेलवे इंजन में आग लग गई है। सूचना मिलते ही सहरसा फायर स्टेशन से एक फोम टेंडर और एक वॉटर टेंडर तुरंत मौके पर भेजा गया। हमारी टीम ने पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया और अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लेने से बड़ा नुकसान टल गया, हालांकि प्रभावित कोच पूरी तरह जल चुका है।
यात्रियों ने सुनाई आपबीती, घंटों तक झेलनी पड़ी परेशानीट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि आग लगने के बाद अचानक पूरे कोच में अफरा-तफरी मच गई। एक यात्री ने कहा, करीब सुबह 3:40 बजे सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में आग लग गई। इसके बाद सभी यात्रियों को जल्दबाजी में नीचे उतारा गया। मुझे सहरसा जाना था, लेकिन इस घटना के कारण हम सभी पिछले दो घंटे से स्टेशन पर फंसे हुए हैं। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल रेलवे प्रशासन यात्रियों की यात्रा सुचारु कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटा है, जबकि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।