बिहार के बांका जिले में मंदार पर्वत से सामने आए एक आपत्तिजनक वीडियो को लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में 6 से 7 युवक एक लड़की के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद बौंसी थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया सेल के माध्यम से यह वीडियो व्हाट्सऐप पर प्राप्त हुआ था। मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद बौंसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा पुलिस बल के साथ मंदार पर्वत पहुंचे और वीडियो में दिखाई गई जगह का सत्यापन किया।
पुलिस ने की वीडियो की जांचजांच के दौरान पुलिस ने वीडियो की लोकेशन का सत्यापन किया और इसे मंदार पर्वत क्षेत्र का ही पाया। हालांकि, पुलिस के अनुसार वीडियो हाल का नहीं है। घटना इसी वर्ष अप्रैल महीने की होने की आशंका जताई जा रही है।
वीडियो में नजर आ रहे युवकों और लड़की की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोग कौन हैं और घटना वास्तव में कब हुई थी।
स्थानीय लोगों से भी पूछताछआरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने मंदार पर्वत क्षेत्र के स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच का उद्देश्य वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और लड़की की पहचान करना है। पुलिस वायरल वीडियो से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
थानाध्यक्ष के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकीमामले में बौंसी थाना के थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा के लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने 6 से 7 अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76 और 3(5) के साथ आईटी एक्ट की धारा 66E और 67A के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखा है। अब जांच एजेंसियां वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाने में लगी हैं। आरोपियों की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिहार के अन्य जिलों के बाद बांका में भी सामने आया मामलाबांका का यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब बिहार के जमुई और समस्तीपुर से भी लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार से जुड़े वीडियो सामने आने की चर्चा हुई है। हालांकि, बांका मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है।