अजमेर : मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई युवक की मौत, था डिप्रेशन का शिकार

रेलवे ट्रेक पार करते समय एक युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक अजमेर के आदर्श नगर से मदार की तरफ जा रहा था। जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। परिजन ने कोई शक जाहिर नहीं किया और न ही कोई शिकायत दी है।
जीआरपी के एएसआई भगवानसिंह ने बताया कि आदर्श नगर रेलवे स्टेशन मास्टर की ओर से सूचना दी गई कि मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। बाद में शिनाख्ती के प्रयास किए तो उसकी पहचान गणेश नगर आदर्श नगर निवासी पप्पू तंवर के रूप में हुई। परिजन ने प्रारम्भिक पूछताछ में बताया कि मृतक युवक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। बीते कई दिनों से उसके सिर में दर्द रहता था और उसका उपचार भी चल रहा था। इससे वह डिप्रेशन में था। इस दौरान जब वहां से गुजर रहा होगा तो मालगाड़ी की चपेट में आ गया और मौत हो गई।