कोटा : दलदल में फंसी गाय को बचाने के लिए मुस्लिम युवक ने लगाई अपनी जान की बाजी, था मगरमच्छ का खतरा

राजस्थान के कोटा में इंसानियत का बेहतरीन नजारा देखने को मिला जहां दलदल में फंसी दो गायों को बचाने के लिए एक मुस्लिम युवक ने अपनी जान दांव पर लगा दी। मामला कोटा शहर के स्टेशन क्षेत्र का है। शहर के स्टेशन क्षेत्र के चन्द्रेशल इलाके में UIT (नगर विकास न्यास) नहरी विकास में खुदाई का कार्य किया जा रहा है। इसी के दलदल में 2 गायें फंस गई थीं। जिस नहर के दलदल में मगरमच्छ के डर से कोई उतरने की हिम्मत नहीं जुटा रहा था, मुस्लिम युवक बेहिचक उतर गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों गायों को बचाने में सफलता मिली।

रेस्क्यू करने वाले युवक फिरदौस गोरी ने बताया कि वो अपने दोस्त दीपक नामदेव, धर्मेंद्र भाया लोकेश शुक्ला व मुमताज अली के साथ मौके से गुजर रहा था। नहर के दलदल में गायें फंसी हुई थीं। मौके पर भीड़ लगी हुई थी। कोई भी व्यक्ति गायों को बचाने आगे नहीं आया। उन्होंने लोगों से मदद की गुहार लगाई। नहर में मगरमच्छ होने का हवाला देकर लोगों ने मदद करने से इनकार कर दिया। इसी दौरान वहां एक जेसीबी (लोडर) आई। फिरदौस गोरी और उसका दोस्त दीपक नामदेव जेसीबी पर लटककर नहर के दूसरे छोर पर गए। गायों को नहर के किनारे लाकर रस्सियों से बांधा। जेसीबी की मदद से सकुशल बाहर निकाला गया।