शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया जिसमें पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की हैं। दो मार्च को ही घर में पति की संदेहास्पद मौत होने की पुलिस को शिकायत मिली थी और आज पुलिस ने इसका खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक 34 साल की लक्ष्मी ने अपने देवर रवींद्र के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। रवींद्र भरतपुर के नगर क्षेत्र के सेमला खुर्द गांव का रहने वाला है। वह उसके पति संजय की बुआ का बेटा है। DSP राजेन्द्र ने बताया कि अभी दोनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल उनके प्रेम प्रसंग को ही हत्या करने की मुख्य वजह माना जा रहा है। इससे ज्यादा जानकारी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेने पर सामने आ सकेगी।
लक्ष्मी नामक इस महिला की दो बेटी और एक बेटा है। दो बेटियों की शादी भी हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि लक्ष्मी व उसके देवर के बीच करीब 15 साल से अफेयर चल रहा था। वह अपने पति संजय से परेशान थी। दुर्घटना में चोट लगने के बाद से पति अधिकतर समय बिस्तर पर पड़ा रहता था। प्रेम में बाधा बनने के कारण उसकी हत्या की गई। महिला का बाल विवाह हुआ था। उसकी बेटियों की भी कम उम्र में ही शादी कर दी गई थी। अब एक चौथी कक्षा में पढ़ने वाला बेटा बचा है।पुलिस ने बताया कि 2 मार्च को दोपहर के समय रवींद्र संजय के घर आया था। इसके बाद संजय और लक्ष्मी ने मिलकर बिस्तर पर आराम कर रहे संजय की चुनरी और स्कार्फ से गला घोंटकर हत्या कर दी। दोपहर के बाद जब संजय का बेटा स्कूल से आया तो उसने देखा कि पापा के कानों से खून निकल रहा है। इसके बाद भाई सहित अन्य लोगों को उसकी मौत का पता चला। बाद में संजय के भाई ने पुलिस को संदेहास्पद मौत होने की सूचना दी। पुलिस शाम को ही मृतक के घर पहुंची और दो मार्च की रात को ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पता चला कि रवींद्र का संजय की पत्नी से अफेयर है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।