दिल्ली में 1.4 डिग्री दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान, जानें कैसे रहने वाला है अगले 6 दिनों का मौसम

पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी राज्यों में जमाने वाली ठंड है। पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का अलर्ट है। शीतलहर के साथ घने कोहरे का डबल अटैक लोगों को परेशान कर सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में ठंड को लेकर 6 दिन का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अगले 3 दिन भीषण ठंड रहेगी और फिर 3 दिन पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा छाया रहेगा।

आज के मौसम पर एक नजर डाले तो देश की राजधानी में आज (सोमवार), 16 जनवरी को न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड पर 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। IMD ने दिल्ली में लगातार तीन दिन 3 डिग्री का टॉर्चर और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना व्यक्त की है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में 16, 17 और 18 जनवरी को शीतलहर का प्रकोप रहेगा जिसमें न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक बना रह सकता है, साथ ही शीतलहर चलेगी। 19, 20 और 21 जनवरी को घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर के मुख्य स्टेशनों पर तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञानिक महेश पलावत का कहना है कि शीतलहर के दौरान तापमान 3 डिग्री के आस-पास रहेगा। हो सकता है कि कुछ जगहों पर दो डिग्री तक पहुंच जाए। वहीं, 20 जनवरी से हवा में नमी आएगी, जिसके बाद ठंड से राहत मिलने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि सोमवार से उत्तरी बर्फीली हवाएं चलेगी। जिसकी वजह से 18 जनवरी तक शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा। पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से बीते दिनों तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है, जो अब आगे बढ़ चुका है।