जयपुर : मतदान से एक दिन पहले लगी दो वार्डों में पंचायत समिति चुनावों पर हाईकोर्ट की रोक

जयपुर में पंचायत समिति सदस्य के लिए चुनाव होने हैं लेकिन इससे एक दिन पहले ही राजस्थान हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। यह फैसला नामांकन खारिज होने पर 2 उम्मीदवारों द्वारा दायर याचिका पर लिया गया। चुनाव प्रक्रिया सिर्फ दो पंचायत समितियों जालसु और विराट नगर के एक-एक वार्ड की रोकी गई है। ऐसे में गुरुवार को इन वार्डो में पंचायत समिति सदस्य के चयन के लिए वोटिंग नहीं होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इन दोनों वार्डो में पंचायत समिति सदस्य के लिए तो वोटिंग होगी नहीं, लेकिन जिला परिषद सदस्य के लिए होने वाले मतदान यथावत रहेगा। यानी वहां जिला परिषद सदस्य के लिए मतदाता वोटिंग कर सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी जयपुर गिरीश पाराशर ने बताया कि विराट नगर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 12 और जालसु पंचायत समिति के वार्ड संख्या 9 में यह मतदान रोका गया है। वार्ड 9 के उम्मीदवार कमलेश मीणा और वार्ड 12 की उम्मीदवार बीला देवी का नामांकन पत्र चुनाव आयोग ने खारिज कर दिया था। दोनों ही उम्मीदवारों ने आयोग के इस फैसले को राजस्थान हाईकोर्ट की सिंगर बैंच में चुनौती दी थी।यहां से आयोग ने दोनों को चुनाव में शामिल करने के आदेश जारी किए थे। सिंगल बैंच के इस फैसले को आज डबल बैंच ने स्थगित कर दिया। बैंच के इस आदेशों के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने दोनों वार्डो में चुनाव प्रक्रिया को निरस्त करने का फैसला किया।