कोटा में छेड़छाड़ के आरोप में युवतियों ने मनचले युवक की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना शनिवार को शाम साढ़े पांच कोटा बैराज की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, युवतियां अपने मंगेतरों के साथ बैराज पर घूमने आई थी। इस दौरान कुछ मनचले युवक आए और उन्होंने युवतियों पर फब्तियां कसना शुरू कर दिया।
युवकों की इन हरकतों से युवतियां आग बबूला हो गई। इसके बाद एक युवती ने युवक के सिर के बाल पकड़ लिए और पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने भी युवक पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पाकर कैथूनीपोल पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन, तब तक युवतियां और पिटने वाला युवक वहां से जा चुके थे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की।कैथूनीपोल थाना सीआई सत्यपाल पारीक ने बताया कि मामले में ना तो युवतियों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है, ना ही पीड़ित युवक ने थाने में रिपोर्ट दी है। वायरल वीडियो पर संज्ञान लिया है। सार्वजनिक जगह पर मारपीट करने के आरोप में खेड़ली फाटक निवासी कमलेश महावर और स्टेशन निवासी श्रीकांत को पकड़ा है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।