झुंझुनूं : ऑक्सीजन प्लांट का वॉल्व बंद होने से ठप हुआ उत्पादन, जयपुर से जा रहे 110 सिलेंडर

इस कोरोनाकाल में ऑक्सीजन का महत्व तो सभी जानते हैं जिसकी कमी मरीज की जान ले सकती हैं। ऑक्सीजन की जरूरत से सभी वाकिफ हैं और इस बीच झुंझुनूं के ऑक्सीजन प्लांट के वॉल्व में खराबी आने से सोमवार सुबह उत्पादन बंद हो गया। प्लांट में प्रतिदिन 350 सिलेंडर ऑक्सीजन का उत्पादन होता हैं। लेकिन खराबी के चलते अब ऑक्सीजन की कमी आ रही हैं जिसकी पूर्ती के लिए जयपुर से 110 सिलेंडर मंगाए गए हैं।
इस निजी प्लांट पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस परेशानी को दूर कर लिया जाएगा। हालांकि अभी जिले के सरकारी अस्पताल में मरीजों को ऑक्सीजन मिल रही है, लेकिन जरा भी देर घातक हो सकती है। ऐसी स्थिति में प्रशासनिक अफसरों के अंदर घबराहट है। अफसरों का कहना है कि जल्द ही जयपुर से मंगाए गए सिलेंडर पहुंच जाएंगे। इससे फिलहाल ऑक्सीजन की कमी को दूर कर लिया जाएगा। इस बीच प्लांट की तकनीकी खराबी को दूर करने के प्रयास जारी हैं।