कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच वैक्सीनेशन बहुत जरूरी हैं।कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के बीच जिले में 18+ आयु वर्ग वालों के लिए वैक्सीनेशन की जिले में आज सोमवार से शुरुआत हो गई है। 22 सेंटरों पर टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। इसमें पहले दिन सिर्फ माध्यमिक स्तर के शिक्षक, डिस्कॉम कर्मी, बैंककर्मी व मीडियाकर्मियों के ही वैक्सीन लगाईं जा रही है। इसके अलावा अन्य विभागों के कर्मचारियों का टीकाकरण बाद में किया जाएगा।
CMHO मेहराम माहिया ने बताया कि सोमवार को 18 से 44 आयु वर्ग के फ्रंटलाइन वर्कर्स का जिला मुख्यालय पर राजकीय पुराना अस्पताल, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दवेनगर व लुहारपुरा में टीकाकरण किया जा रहा है। जिला मुख्यालय के अलावा राजकीय CHC मूण्डवा, राजकीय CHC जायल, राजकीय CHC डेगाना, HSS डेगाना जंक्शन, राजकीय CHC मेड़ता, जनता क्लिनिक मेड़ता, राजकीय CHC परबतसर, राजकीय उप जिला अस्पताल, कुचामन सिटी, राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, कुचामन सिटी, राजकीय CHC मकराना, राजकीय शहरी PHC बालाजी काॅलोनी मकराना, राजकीय शहरी PHC साल्ट रोड डीडवाना व पुस्तकालय परिसर डीडवाना के अतिरिक्त नावां, मौलासर, खींवसर तथा रियां बड़ी के राजकीय CHC में भी 18 से 44 आयु वर्ग के फ्रंट वर्कर्स के लिए कोविड वैक्सीनेशन किया जा रहा हैं।राज्य सरकार ने सोमवार सुबह 5 बजे से 24 मई सुबह 5 बजे तक के लिए सख्त लॉकडाउन लगाया है। इसके तहत नागौर में भी सुबह 5 बजे से सख्त लॉकडाउन शुरू हो गया है। नागौर की सड़कों पर सरकारी वाहनों व अनुमत लोगों के अलावा बिल्कुल भी आवाजाही नहीं दिखी। पब्लिक ट्रांसपोर्ट यानी रोडवेज बसें, टेम्पो व निजी बसें भी बंद रहे, जिसके चलते बस स्टेशन भी सूना रहा। शहर के मुख्य चौराहों पर अब गैर अनुमत इक्का-दुक्का वाहन व पैदल लोग भी घूमते नजर नहीं आए।