राजस्थान में शिक्षा विभाग तृतीय श्रेणी शिक्षक और वरिष्ठ अध्यापक के खाली पड़े पदों को भरने की कवायद कर रहा हैं। सुप्रीम कोर्ट से एसएलपी वापस लेने के बाद अब तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती-2016 के अंग्रेजी विषय के खाली पड़े 826 पद और विज्ञान गणित के 877 पदों पर जल्दी ही प्रतीक्षा सूची जारी हो सकती है। इसके अलावा वरिष्ठ अध्यापक भर्ती 2018 में ज्वाइन नहीं करने के कारण खाली पड़े 622 पदों पर भी प्रतीक्षा सूची जारी करने की तैयारी है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को शिक्षा संकुल में हुई बैठक में इस भर्ती के खाली पड़े पदों को भरने पर चर्चा की। अब भर्तियों से जुड़े इस पूरे मामले को शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के सामने रखा जाएगा। शिक्षामंत्री शुक्रवार को इस मामले को लेकर बैठक लेंगे और उनकी मंजूरी के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।शिक्षा संकुल में एसीएस पीके गोयल की अध्यक्षता में हुई यह बैठक एक प्रकार से शिक्षामंत्री की बैठक की तैयारी बैठक थी। इस बैठक में कंप्यूटर शिक्षक भर्ती निकाले जाने को लेकर भी मंथन हुआ। इस भर्ती को लेकर शुक्रवार को एक बार फिर चर्चा होगी।