दर्दनाक घटना / दादा को दफनाने के लिए गड्ढा खोद रहा था पोता, आया हार्ट अटैक, हुई मौत

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक दर्दनाक घटना हुई है। यहां पर अपने दादा की मौत के बाद कब्र खोद रहे पोते को हार्ट अटैक आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों के शव एक साथ कब्र में दफनाए गए। घटना जिले के जानसठ इलाके में हुई। दरअसल, 80 साल के मोहम्मद यूसुफ की हार्ट अटैक से शुक्रवार को मृत्यु हो गई थी। उनका 40 साल का पोता सलीम उन्हें लेकर क्रबिस्तान पहुंचा। सलीम के साथ उसके कई दोस्त भी थे। यहां वह गड्ढा खोदने लगा। अचानक उसे तेज पसीना आया और वह गड्ढे में ही गिर पड़ा। सलीम को उसके दोस्त डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि सलीम को मृत ही अस्पताल लाया गया था।

सलीम के दोस्तों ने बताया कि मरने से पहले सलीम ने मजाक में उन लोगों से कहा था कि एक और गड्ढा खोद लो, हो सकता है कोई और शव आ जाए। दोस्तों ने बाद में सलीम के दादा और उसकी कब्र खोदकर दफनाया।