हाथरस कांड / मीडिया को मिली पीड़िता के गांव में जाने की अनुमति, नेताओं के लिए अभी भी रोक

हाथरस के चंदपा क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता के गांव को आज मीडिया के लिए खोल दिया गया है। बीते कुछ दिनों से पूरे गांव में बैरिकेडिंग थी और मीडिया का प्रवेश भी वर्जित कर दिया गया था। हालांकि प्रशासन से यह अनुमति सिर्फ मीडिया को दी है, यानी राजनेता आदि गांव में नहीं जा सकते। मालूम हो कि गांव में बैरिकेडिंग करके मीडियाकर्मियों को रोके जाने का विरोध खुद भाजपा के कई नेताओं ने किया था। उमा भारती ने भी ट्वीट कर मीडिया को रोके जाने को गलत बताया था।

राहुल गांधी आज फिर हाथरस के लिए रवाना होंगे

बता दे, हाथरस गैंगरेप की घटना को लेकर हंगामे के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज फिर हाथरस के लिए रवाना होंगे। उनके साथ कांग्रेस के कुछ सांसद भी जाएंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। इससे पहले गुरुवार को राहुल और प्रियंका को हाथरस जाते वक्त ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर रोक दिया गया था। दोनों को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनसे कहा कि आपने धारा 188 का वॉयलेशन किया है।

पुलिस ने राहुल की कॉलर भी पकड़ी थी। धक्कामुक्की में वे नीचे गिर गए, और हाथ में चोट लग गई। राहुल और प्रियंका को 4 घंटे हिरासत में रखने के बाद छोड़ा गया। दोनों हाथरस के बुलीगढ़ गांव जाकर गैंगरेप पीड़ित के परिवार से मिलना चाहते थे। राहुल को पुलिस आज फिर रोकेगी, क्योंकि पूरे हाथरस जिले में धारा 144 लागू है, सीमाएं सील हैं और किसी को भी गैंगरेप पीड़ित के गांव (बुलीगढ़) में एंट्री नहीं दी जा रही।