उत्तर प्रदेश: एक परिवार के 5 लोग कोरोना संक्रमित, 50 रिश्तेदारों को किया आइसोलेट

देश भर में घातक करोना वायरस के संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देश भर में अब तक 1000 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके है। इस वायरस की वजह से 25 लोग अपनी जान गवां चुके है। उत्तर प्रदेश की बात करे तो यहां बुलंदशहर जिले के खुर्जा में रहने वाला एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इतना ही नहीं इस शख्स के चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए है। जिसमें शख्स की पत्नी और उनके तीन साले भी संक्रमित हो गए है। शुक्रवार शाम जैसे ही जिला प्रशासन को इस बात की जानकारी मिली, उनके हाथ-पांव फूलने लगे। स्वास्थ्य विभाग ने आनन-फानन में उनके 50 अन्य रिश्तेदारों और संपर्क में आए लोगों को आइसोलेट कर उनकी जांच शुरू कर दी है। इनमें से 35 लोगों को सुभारती अस्पताल तो 15 लोगों को लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

मेरठ सीएमओ डॉक्टर राजकुमार का कहना है कि यह व्यक्ति ट्रेन में बैठकर अमरावती से मेरठ आया था। आते हुए रास्ते में इसने कई अन्य लोगों को भी संक्रमित किया होगा। इसके अलावा संक्रमित शख्स मेरठ में एक शादी समारोह में भी शामिल हुआ था। इतना ही नहीं शख्स ने मस्जिद में नमाज भी पढ़ी थी। सीएमओ ने इस शख्स के संपर्क में आए सभी लोगों की छानबीन के लिए अपनी सर्विलांस टीम को लगाया है। सबको ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि भर्ती किए गए किसी भी पेशेंट की हालत गंभीर नहीं है।

डॉक्टर राजकुमार का कहना है कि जल्द ही सबको ठीक कर लिया जाएगा। इसके अलावा सभी 50 लोगों की रिपोर्ट आने के बाद जो भी पॉजिटिव पाए जाएंगे उनका इलाज किया जाएगा। जिन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आएगी उन्हें अगले 14 दिनों तक होम क्वारनटीन किया जाएगा। सीएमओ राजकुमार का कहना है कि संबंधित शख्स ने कई लोगों को संक्रमित किया है इसलिए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी।