पुलिस लगातार नशे के खिलाफ कारवाई कर रही हैं जिसमें उन्हें अब बड़ी कामयाबी मिली हैं। क्रिश्चयन गंज थाना पुलिस ने अजमेर की आनासागर चौपाटी के पास गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 4 किलो गांजा व कार भी जब्त की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
क्रिश्चयन गंज थाना प्रभारी व प्रशिक्षु आरपीएस पूनम ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक अजमेर की आनासागर झील के पास गांजा बेचने की फिराक में है। उनके पास कार में गांजा भी है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और वहां बताए गए हुलिए के दो युवक दिखे। उनको पकडा और पूछताछ की। बाद में उनकी कार की तलाशी ली तो उनके पास चार किलो गांजा मिला। दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी क्रिश्चयन गंज निवासी ऐलन जोन व नितेश चावरिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है कि वे गांजा कहां से लेकर आए और किसे बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।