भरतपुर : 5 रुपए का गुटखा नहीं दिया उधार तो युवक ने 3 दुकानदारों पर चला दी गोलियां

मंगलवार को भरतपुर नगर थाना इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां 5 रुपए का गुटखा उधार नहीं दिया तो युवक ने 3 दुकानदारों पर गोलियां चला दी जिसमें एक के सीने में और दूसरे के पसलियों में गोली लगी। तीसरा बच गया। इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कल्लू ने ड्रामा शुरू कर दिया। उसने कनपटी पर बंदूक लगा दी और खुद को गोली मारने की धमकी देने लगा। इस पर पुलिसकर्मियों ने उससे समझाया भी। वह नहीं माना। वह बार-बार कहता रहा, मैं गरीब हूं, खुद को गोली मार लूंगा। समझाते-समझाते पुलिस ने पिस्तौल छीन लिया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद उन्हें रेफर कर दिया गया है।

खेड़ली रोड के इंद्रा सर्किल पर कल्लू का सैलून है। पास में ही केके आइसक्रीम पार्लर और दीपक के चाय की दुकान है। मंगलवार सुबह कल्लू ने दीपक से 5 रुपए का गुटखा उधार मांगा। उसने देने से इनकार कर दिया। कल्लू केके के पास गया। उसने भी उधार गुटखा देने से मना कर दिया। वह दीपक से लड़ने लगा। उसने अपनी दुकान से डंडा निकाल दीपक के सिर पर दे मारा। दीपक ने नगर थाने में कल्लू की शिकायत की। पुलिस पहुंच गई। कल्लू दुकान छोड़ भाग गया। पुलिस ने उसकी दुकान पर काम करने वाले तीन नौकरों को गिरफ्तार किया।

शाम 4 बजे कल्लू फिर दुकान पर पहुंचा। उसके पास एक बंदूक थी। वह दीपक के पास पहुंचा और उसके सीने में और केके की पसली पर फायर कर दिए। वहां एक और गोलू नाम का दुकानदार था। उस पर भी फायर किया। वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद कल्लू सड़क के बीच बंदूक लहराता रहा। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया तो उसने अपनी कनपटी पर पिस्तौल रख खुद को मारने की धमकी देने लगा। जैसे-तैसे समझाकर पुलिसकर्मियों ने उससे पिस्तौल छीनी।