चाइनीज मांझे से लगातार हादसे हो रहे हैं। सीकर शहर में शुक्रवार को एक व्यक्ति व एक आठ साल का बालक घायल हो गए। युवक के पैर में चाइनीज मांझा फंस गया था, जिसके चलते उनके पैर कट गया। वहीं आठ साल के बालक के पैर की नसें कट गईं व हड्डी तक मांस कट गया है। बच्चे के पैर में टांके लगाए गए हैं। उसे एसके हॉस्पिटल के हड्डी वार्ड में भर्ती करवाया गया है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर के 10 दिन पहले दिए आदेश के बाद भी एसडीएम, नगर परिषद आयुक्त व पुलिस अधिकारी चाइनीज मांझा बेचने वाले दुकानदारों व खरीदने वाले लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। शुक्रवार को आठ साल का शाहिल पुत्र खालिद चाइनीज मांझे से गंभीर रूप से घायल हाे गया है।पैर की हड्डी व मांस को जोड़ने वाला पार्ट टेंडन कट गया है। नस भी कट गई है। उसके हॉल्डिंग सीचर लगाकर हड्डी वार्ड में भर्ती किया गया है। उसका ऑपरेशन किया जाएगा। इसी तरह ईदगाह रोड निवासी उस्मान गनी मोटरसाइकिल से खटीकान प्याऊ की ओर से अपने घर जा रहे थे। इस दौरान चाइनीज मांझा से उनका पैर कट गया।