जयपुर : बाइक पर सवार हो महिलाओं के गले से लूटते थे चेन, गिरफ्तार हुए दो आरोपी

शहर में राहगीर महिलाओं के गले से सोने की चेन लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों बदमाश जेल में बंद कुख्यात चेन स्नेचर विनोद बावरिया गैंग के सदस्य है। इनके कब्जे से लूटी गई दो चेन बरामद की है। प्रारंभिक अनुसंधान सामने आया कि यह गैंग चेन स्नेचिंग से पहले अपनी बाइक की नंबर प्लेट हटा देते है। ताकि पहचान नहीं हो सके। इन्होंने चेन स्नेचिंग की करीब एक दर्जन वारदातें की है।
झोटवाड़ा एसीपी हरिशंकर शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विक्रम बावरिया (19) निवासी बावरिया बस्ती, बानसूर जिला अलवर है, जबकि दूसरा आरोपी सुमेर उर्फ बिन्टू बावरिया (30) सुरज नगर, खोरा बीसल जयपुर है। वारदात के बाद ये बदमाश अलवर में अपने गांव भाग जाते थे।

जयपुर के वेस्ट जिले में चेन स्नेचिंग की वारदातों में थानाप्रभारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में स्पेशल टीम बनाई थी। जिन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की रिकॉर्डिंग देखी। तब हुलिया भी सामने आया। तब पुलिस ने दोनों लुटेरों को दादी का फाटक के पास, बैनाड़ रोड से पकड़ा।पुलिस के मुताबिक विक्रम बावरिया के खिलाफ जयपुर के पश्चिम जिले में झोटवाड़ा, करधनी व मुरलीपुरा थाने में एक दर्जन से ज्यादा चेन स्नेचिंग के मुकदमे दर्ज है। उसकी गैंग का सरगना विनोद बावरिया फिलहाल जेल में बंद है। ये लोग जयपुर शहर में चेन स्नेचिंग की वारदातें करने के लिए हर बार नये साथी तैयार करते है। इन दोनों बदमाशों को झोटवाड़ा में निवारु रोड पर रहने वाली रागिनी तोमर की चेन स्नेचिंग के मुकदमे में गिरफ्तार किया है।