अदालत ने भारी मात्रा में घातक व अवैध हथियार सहित पुष्कर पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपी दुकानदारों को जेल भेज दिया है। वहीं चार अन्य आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया। वहीं पुलिस की कार्यवाही से शो पीस के नाम पर अवैध हथियार बेचने वाले दुकानदारों में जबरदस्त हड़कंप है। पुलिस की कार्यवाही के डर से सोमवार को दूसरे दिन भी अवैध हथियार विक्रेता गायब रहे तथा दुकानें बंद रहीं।
पुलिस ने रविवार को सजावटी हथियारों की दुकानों में छापामार कार्यवाही करते हुए छह हथियार विक्रेताओं को अवैध व घातक हथियार बेचने के आरोप में रंगेहाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न प्रकार के चाकू, गुप्ती, पंच, खंजर, परसा, खुखरी समेत भारी मात्रा में जानलेवा हथियार बरामद किए। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सोमवार को सक्षम अदालत में पेश किया।न्यायालय ने भरत माहोर व विजेंद्र को जेल भिजवा दिया। वहीं विकास, सन्नी, रमेश व राजेंद्र को जमानत पर रिहा कर दिया। उधर गिरफ्तारी के डर से कई हथियार विक्रेता अपनी दुकानें बंद कर भूमिगत हो गए। पुलिस ने उनके घरों व संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी लेकिन वे पुलिस के हाथ नहीं आए।