जिले के बीकानेर रोड स्थित गोगेलाव के पास एक ट्रक ने सब्जी से भरी पिकअप को टक्कर मार दी। इससे पिकअप पलट गई। एक व्यक्ति घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि गाय को बचाने के चक्कर में ट्रक रास्ता बदला, जिससे वह सीधा पिकअप से जा टकराया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायल को इलाज के लिए भर्ती करवाया गया।
जानकारी अनुसार, गांव गोगेलाव में हनुमान मंदिर के समीप गुरुवार सुबह 10:30 बजे गाय के बचाने के चक्कर में ट्रक वाले ने नागौर की ओर से आ रही पिकअप को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप पलट गई। जिसका आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों की मदद से पिकअप चालक को बाहर निकाला गया। पिकअप के अंदर रखी सब्जी रोड पर बिखर गई।हादसे की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक और पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं, हादसे के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। जिसे मौके पर पहुंची दोनों वाहनों को साइड कर खुलवाया। पुलिस ने बताया कि पिकअप चालक जगदीश बिश्नोई मूल रूप से नागौर जिले के अलाय का रहने वाला है। जिसे प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां से बीकानेर रैफर किया गया।