तीन तलाक बिल पास होने पर अमित शाह ने दी पीएम मोदी को बधाई, कांग्रेस दशकों तक अन्याय के लिए माफी मांगे

मुस्लिम समाज में एक बार में तीन तलाक (तलाक-ए-बिद्दत) पर रोक लगाने के उद्देश्य से लाये गए ‘मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) विधेयक' को गुरुवार को लोकसभा की मंजूरी मिल गई। लोकसभा में तीन तलाक विधेयक पारित तो हुआ, लेकिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंगामे के बाद। विपक्षी दलों का आरोप है कि यह विधेयक 2019 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए जल्दबाजी में पारित किया गया। वही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने तीन तलाक विधेयक पारित होने को मुस्लिम महिलाओं की समानता और गरिमा सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम करार दिया। अमित शाह ने मांग की है कि कांग्रेस दशकों तक अन्याय के लिए माफी मांगे। इसके साथ ही उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को इसके लिए बधाई भी दी।
शाह ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार को लोकसभा में सफलतापूर्वक तीन तलाक विधेयक पारित होने के लिये बधाई दी और कहा कि यह ‘मुस्लिम महिलाओं की समानता और गरिमा सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।' उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाओं के साथ दशकों तक अन्याय के लिये कांग्रेस और अन्य दलों को निश्चित रूप से माफी मांगनी चाहिए। विधेयक को संविधान और मौलिक अधकारों के खिलाफ करार देते हुए कांग्रेस ने कहा कि सरकार ने 2019 के आम चुनावों को ध्यान में रखते हुए हड़बड़ी में इसे लोकसभा में पारित कराया।