लोकसभा चुनाव 2019 : गुजरात में पहली बार 700 से ज्यादा ट्रांसजेंडर वोटर्स डालेंगे वोट

17वीं लोकसभा के लिए गुजरात में 23 अप्रैल को तीसरे चरण में मतदान होने वाला है जिसमे पहली बार 700 से ज्यादा ट्रांसजेंडर वोटर्स वोट डालेंगे। गुजरात में इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कुल 1054 ट्रांसजेंडर वोटर दर्ज हैं। गौरतलब है कि गुजरात में कुल 4.47 करोड़ मतदाता हैं जिनमें पुरुषों की संख्या 2.33 करोड़ और महिलाओं की संख्या 2.14 करोड़ है। कुल 1054 ट्रांसजेंडर वोटर्स में से 769 ऐसे वोटर्स हैं जो पहली बार मतदान में हिस्सा लेंगे। राज्य के अहमदाबाद में थर्ड जेंडर वोटरों की संख्या सबसे ज्यादा है। यहां कुल 139 ट्रांसजेंडर वोटर रजिस्टर्ड हैं। अहमदाबाद के बाद आणंद में 122, वड़ोदरा में 119 और सूरत में 111 थर्ड जेंडर वोटर रजिस्टर्ड किए गए हैं। साल 2011 की जनगणना के मुताबिक गुजरात में ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के लोगों की संख्या 11544 दर्ज की गई थी लेकिन इनमें से केवल 1054 लोग मतदाता के रूप में रजिस्टर्ड हैं। बता दें कि साल 2012 से भारतीय चुनाव आयोग ने ट्रांसजेंडर्स के लिए थर्ड जेंडर का विकल्प क्रिएट किया था। इससे पहले इन्हें पुरुषों या महिलाओं में से किसी एक कैटिगरी में अपने आपको रखना होता था।

मुख्य चुनाव अधिकारी एस मुरलीकृष्णा लगातार मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक करने में लगे हैं। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इनकी संख्या और बढ़ेगी। मुरली कृष्णा ने बताया कि राज्य में 22 मार्च तक वोटर आईडी रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। आवेदन के बाद 10 दिनों के भीतर ही वोटर आईडी कार्ड दे दिया जाएगा।