जोधपुर : SBI की अधिकांश ब्रांच में पसरा नजर आया सन्नाटा, सर्वर ठप होने से अटके लेनदेन

शहर में आज स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों को परेशान होना पड़ा क्योंकि काफी समय तक सर्वर ठप पड़े रहे और अधिकांश ब्रांच में सन्नाटा पसरा नजर आया। सर्वर नहीं चलने के कारण आज सुबह से सभी ब्रांच में किसी तरह का लेनदेन नहीं हो पाया। इस कारण रुपए का लेनदेन करने बैंक पहुंचे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बारे में बैंक अधिकारी कुछ भी जानकारी देने से कतराते रहे थे। बैंक में रुपए निकालने या जमा कराने पहुंचे लोगों को कर्मचारी लौटा रहे थे। कहा जा रहा था कि कंप्यूटर काम नहीं कर रहे है। ऐसे में कल आना। वहीं ज्यादा कुरेदने पर ही कर्मचारी बता रहे थे कि आगे से सर्वर ठप है।

जोधपुर में जालोरी गेट स्थित एसबीआई की मुख्य ब्रांच में सुबह से एक भी लेनदेन नहीं हो पाया। कर्मचारियों ने बताया कि सुबह से कंप्यूटर नहीं चल पा रहे है। फिर एक कर्मचारी ने बताया कि सर्वर काम नहीं कर रह रहा है। ऐसे में पूरा कामकाज ठप है। वहीं कमला नेहरू नगर ब्रांच में एक महिला अधिकारी ने बताया कि सुबह से सारा काम ठप है। उन्होंने कहा कि पूरे देश की मुझे जानकारी नहीं है, लेकिन पूरे राजस्थान में आज सर्वर काम नहीं कर रहा है।