टोंक : राहगीरों की मदद से टला बड़ा हादसा, चार लोग सवार बोलेरो पर पलटा ट्रेलर

गुरुवार को टोंक के दत्तवास मोड़ पर चार लोग सवार बोलेरो पर सरसों की तूड़ी से भरा ट्रेलर पलट गया। हांलाकि राहगीरों की मदद से यह हादसा भीषण होने से टल गया और बोलेरो की सभी सवारियों को बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार शाम साढ़े चार बजे की है। जब सरसों की तूड़ी से भरा ट्रेलर कौथून की ओर से लालसोट की तरफ जा रहा था। अचानक दत्तवास मोड़ पर तूडी से भरा ट्रेलर असंतुलित होकर पलट गया। इसी दौरान ट्रेलर को क्रॉस करते हुए जा रही बोलेरो कार तूडी में दब गई।
इस हादसे के समय आसपास बैठे लोग रामधन मीणा, मंगल मीणा, इसाक लौहार, रामकेश गुर्जर, रामेश्वर बैरवा, गणेश गुर्जर, हंसराज मीणा सहित कई ग्रामीण दौड़कर बोलेरो की ओर भागे। आनन फानन में तूडी में घुसकर बोलेरों को ढूंढा। बोलेरो को ढूंढकर उसके शीशे तोड़कर अंदर बैठे चार लोगों को मुश्किल से बाहर निकाला। चारों जनों चोटें आई है, लेकिन सभी को बचा लिया गया।