असम : काजीरंगा नेशनल पार्क में भरा पानी तो घर में घुस गया बाघ, आराम फरमाता मिला बेड पर

असम में बाढ़ से हालात खराब हैं, अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है और 29 जिलों के 57 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। 1.50 लाख बेघर हो गए। प्रशासन ने सभी के लिए 427 राहत कैम्प और राहत सामग्री के वितरण के लिए 392 केंद्र बनाए हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क का 90% हिस्सा पानी में डूब गया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, काजीरंगा पार्क के 50 से ज्यादा जानवरों की मौत हो गई है। इंसानों के साथ-साथ जानवर भी इस बाढ़ से परेशान है। वे जान बचाने और खाने की तलाश में आबादी की तरह भाग रहे हैं। इस बीच काजीरंगा स्थित हरमति इलाके के एक घर में जान बचाने और खाने की तलाश करते करते एक बाघ घर में घुस गया और बेड पर जा बैठा। सुबह सात बजे बाघ को घर के बेड पर देखकर घरवालों के होश उड़ गए। सभी घर छोड़कर दूर जाकर खड़े हो गए। आनन-फानन में वन विभाग को सूचना दी गई। यह घर रफीकुल का था। उसने बताया, 'मैं सुबह अपने घर में पहुंचा तो देखा एक एक कमरे में बाघ मेरे बेड पर बैठा है। मैं दंग रह गया। मुझे कुछ समझ नहीं आया। डरकर बाहर आ गया। परिवार के दूसरे सदस्यों को और पड़ोसियों को जानकारी दी। सभी लोग घर के बाहर जमा हो गए। वन विभाग की टीम भी पहुंच गई।'

अधिकारियों ने बताया कि नेशलन पार्क में पानी भर जाने से बाघ को खाना नहीं मिला होगा। वह खाने की तलाश में घर में घुस गया। यहां पर उसे सूखा बिस्तर मिला तो वह उस पर आराम करने लगा। उन्होंने बताया कि बाघ भूखा नजर आ रहा था।