बीकानेर : बदमाशों के मन से गायब हुआ पुलिस का खौफ, खुलेआम वार्ड पंच के घर पर हुई फायरिंग

बीकानेर शहर के खाजूवाला में गुरुवार देर रात ऐसी वारदात हुई जिसे देख ऐसा महसूस होता हैं कि बदमाशों में पुलिस का खौफ ही खत्म हो गया हो। यहां बेखौफबदमाशों ने खुलेआम वार्ड पंच के घर पर फायरिंग कर दी। गोलियां लकड़ी के दरवाजे को छेदकर अंदर तक पहुंची गईं। सूचना मिलने के बाद खाजूवाला सीओ अंजुम कायल और थानाधिकारी रमेश कुमार सर्वटा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। सीओ अंजुम कायल के निर्देश पर बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई है जो रात से ही जगह जगह दबिश दे रही है।
जानकारी के मुताबिक, फायरिंग दो अज्ञात बदमाशों ने की। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं। एक फायर मिस हो गया, जबकि दो फायर गेट पर लगे। माना जा रहा है कि पंच बबलू सिंधी को डराने के लिए यह फायरिंग की गई। बाइक पर आए दोनों बदमाशों ने पहले फायरिंग की फिर जाने के दौरान कहा कि ये तो ट्रेलर है, आगे पूरी फिल्म बाकी है। बबलू सिंधी के घर वाले बाहर निकले तब तक बाइक सवार भाग गए। पुलिस के अनुसार खाजूवाला के वार्ड नंबर-19 में रामदेव मंदिर के पास शुक्रवार रात 12 से 12:30 बजे के बीच बाइक सवार दो युवक बबलू सिंधी के घर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने गोलियां चलाई। पुलिस को मौके पर खाली कारतूस भी मिले हैं।