बारां जिले के अन्ता थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया। यहां आसन गांव के पास परवन नदी में नहाते समय रविवार को डूब गए थे जिनके शव आज सुबह 19 घंटे बाद निकाले जा सके हैं। SDRF की टीम ने तीनों बच्चों कशिश, सोनाक्षी और कौशल के शव को घटनास्थल से कुछ दूरी पर निकाला है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी ले जाया गया।
डीएसपी जिनेंद्र जैन ने बताया कि भरतराज नाथ तीन बच्चों के साथ आसन गांव दर्शन करने आए थे, जो बारां सदर थाना क्षेत्र के बैंगनी गांव के रहने वाले हैं। रविवार को दोपहर 12 बजे करीब वो अपनी बेटी कशिश (14), सोनाक्षी (5) व भतीजे कौशल (14) के साथ मंदिर में दर्शन करने आसन गांव आए थे। परवन नदी में नहाने के लिए भरतराज के साथ में तीनों बच्चे गए।इस दौरान नदी में बहाव के चलते तीनों बच्चे बह गए। भरतराज ने बहुत कोशिश की, लेकिन बच्चों को बचा नहीं सका। सूचना पर अन्ता पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बाद में सिविल डिफेंस व SDRF की मौके पर पहुंची। रविवार को 6 घंटे रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन बच्चों का सुराग नहीं लगा। आज सुबह पानी भरने से बच्चों के शव ऊपर आ गए।