जयपुर : चोरी के इरादे से शोरूम में घुसा चोर भूल गया रास्ता, खिड़की से उतरने के चक्कर में लटका

जयपुर के मानसरोवर में चोरी का एक रोचक किस्सा सामने आया जहां चोरी के इरादे से चोर शोरूम में तो घुस गया लेकिन रास्ता भूल गया। ऐसे में बाहर निकलने के लिए उसने खिड़की का सहर लिया जिसके चक्कर में वह लटक गया। तब लोगों ने उसका वीडियो बना डाला। फिलहाल मानसरोवर पुलिस ने युवक को पकड़ लिया है। मानसरोवर में वीटी रोड पर तीन मंजिला शोरूम के बाहर एक युवक लटकता हुआ दिखा। वह नीचे उतरने का प्रयास कर रहा था। वह कभी ऊपर तो कभी नीचे उतरने का प्रयास करता रहा। तभी लोगों ने मानसरोवर पुलिस को सूचना दे दी।
एएसआई भगवान सहाय ने बताया कि पकड़ में आया युवक विजय है और पीपलू टोंक का बता रहा है। वह नशे में है और दिमागी हालत ठीक नहीं है। चोरी करने के लिए विजय शोरूम में पड़ोस की सीढ़ी से ऊपर चला गया था। ऊपर से उसने पाइप व सरिए निकाल लिए। वापस जाते समय वह रास्ता भूल गया। चोरी करने के बाद खिड़की के सहारे लटक कर उतरने लगा। तब वह काफी देर तक लटकता रहा। शोरूम मालिक ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। उसके पास से सरिए व पाइप बरामद हुए है।