जयपुर : कोरोना के चलते फीका रहेगा इस बार का गणतंत्र दिवस, नहीं होगा सम्मान कार्यक्रम

वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत हो चुकी हैं लेकिन अभी भी एहतियात बरतना जरूरी हैं। कोरोना का असर इस बार के गणतंत्र दिवस समारोह पर भी पड़ने वाला हैं। समारोह में हर बार उत्कृष्ट काम करने वाले राज्य कर्मचारियों, अफसरों और सामाजिक क्षेत्र के लोगों को सम्मानित किया जाता है। लेकिन इस बार कोराना गाइडलाइन के कारण सम्मान नहीं करने का फैसला किया गया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी सम्मान नहीं हुआ था। राजधानी के एसएमएस स्टेडियम में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी नहीं होंगे।
समारोह में उत्कृष्ट काम करने वाले कर्मचारी अफसरों का सम्मान नहीं करने के कारण इस बार विभागवार नाम भी नहीं मांगे गए थे। पिछले दिनों मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में ही यह फैसला हो गया था कि एसएमएस स्टेडियम में होने वाले समारोह में कर्मचारी अफसरों का सम्मान नहीं होगा। कोराना गाइडलाइन के कारण स्वतंत्रता दिवस समारोह जितनी ही पाबंदियां लागू रहेंगी।कोरोना के कारण समारोह का कार्यक्रम छोटा किया गया है। 26 जनवरी को सुबह 9:30 बजे राज्यपाल कलराज मिश्र एसएमएस स्टेडियम पहुंचकर ध्वजारोहण करेंगे, परेड का निरीक्षण करेंगे। समारोह में लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे, मोटरसाइकिल शो और घुड़सवारी शो, सेना और पुलिस का बैंडवादन होगा। 10:26 बजे राज्यपाल समारोह स्थल से रवाना हो जाएंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव दिनेश कुमार यादव का कहना है कि समारोह में कोरोना गाइडलाइन के कारण हेल्थ प्रोटोकॉल से जुड़ी पाबंदिया लागू रहेंगी। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और परेड नहीं होंगी। समारोह में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही बैठने की व्यवस्था रहेगी, मास्क के बिना एंट्री नहीं होगी।