राजस्थान में सात नवंबर तक नहीं बदलेगा स्कूलों का समय, तेज गर्मी और बच्चों की संख्या बना कारण

कोरोना के बाद अब प्रदेश के स्कूल खुल चुके हैं और स्कूल जारी हैं। हर साल प्रदेश में 1 अक्टूबर से स्कूलों का समय बदल जाता हैं। हांलाकि इसे बढ़ाकर 16 अक्टूबर कर दिया गया था और अब सात नवंबर तक इसको स्थगित किया गया हैं। दिवाली बाद ही इसपर विचार किया जाएगा। तब भी ये समय परिवर्तन होगा या नहीं, अभी स्पष्ट नहीं है। एकल स्कूल का समय सुबह 7:30 से दोपहर 1 तक रहेगा। ये स्कूल वो हैं, जो एक परिसर में एक ही संचालित हो रहे हैं। जिन परिसरों में दो स्कूल संचालित हो रहे हैं, वहां सुबह की पारी सुबह 7 से दोपहर 12:30 बजे तक है। दूसरी पारी का समय दोपहर 12:30 से शाम 6 बजे तक रहता है।

सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि बरामदों में बिठाना पड़ रहा है। अगर अभी समय बदल दिया गया तो दोपहर में तेज गर्मी में बच्चों को बिठाना मुश्किल हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवम्बर के आसपास ही सर्दी शुरू होगी। तब बच्चों को बरामदों में बैठाने में दिक्कत नहीं होगी। जो स्कूल एक परिसर में ही संचालित हो रहे हैं, वहां सुबह साढ़े सात बजे से समय यथावत रहेगा, जबकि दूसरी पारी का समय 12:30 बजे से रहेगा।