अलवर : फैक्ट्री में करंट लगने से हुई मजदूर की मौत, मामले की जांच जारी

अलवर में तिजारा के निकट औद्योगिक क्षेत्र खुशखेड़ा के कमालपुर में एक हादसे के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। रात भर मजदूर का नजदीक की सीएचसी टूपकड़ा की मॉर्चरी में रखा गया। मजदूर के परिजनों को रात को ही सूचना दे दी गई। उनके आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार रात की है। ठेकेदार का मजदूर फैक्ट्री के काम कर रहा था। आवश्यक उपकरण नहीं होने व लापरवाही के कारण मजदूर की जान गई है। इस मामले की पूरी जांच की जा रही है।

यहां निर्माणाधीन फैक्ट्री में करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। पता चला कि रात के समय फैक्ट्री के कुछ मजदूर काम कर रहे थे। एक लोहे के ड्रम के नीचे से करंट का तार जा रहा था। इस तार में कहीं कट लगा हुआ है। ड्रम को छूने पर उसमें करंट आ गया। मजदूर ड्रम पर बैठने लगा तो करंट की चपेट में आ गया। इससे रामबालक पुत्र गौरीशंकर निवासी गोपालगंज बिहार उम्र 40 साल की मौत हाे गई।