जोधपुर : मकान में परिवार की मौजूदगी होते हुए चोरों ने किया हाथ साफ, ले गए 12 लाख के आभूषण

जोधपुर के निकटवर्ती बंबोर स्थित जसनाथ नगर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां मकान में परिवार की मौजूदगी होते हुए चोरों ने हाथ साफ़ कर दिया और 12 लाख के आभूषण से भरा हैण्डबैग चुराकर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और जांच शुरू की। एसआई मनोज कुमार ने बताया कि रात को ही पुलिस को सूचना दी गई। अज्ञात चोर हैण्डबैग ही उठाकर ले गया। इसमें किसी जानकार का हाथ हो सकता है या नहीं इसका भी पता लगाया जा रहा है।
राजीव गांधी नगर थाने के सबइंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि जसनाथ नगर बंबोर निवासी सांगाराम पुत्र भगाराम जाट खानियां में काम करता है। 22 मार्च की रात को उसके घर में छह सदस्य मौजूद थे। तीन लोग घर के चबूतरें पर सो रहे थे और तीन घर के दूसरे कमरों में सो रहे थे। ये लोग रात 11 बजे सोए थे। 1 बजे आंधी आई तब इनकी नींद टूट गई थी। तब घर को एक कमरे का दरवाजा खुला नजर आया। इसमें अंदर जाने पर पता लगा कि एक हैण्डबैग चोरी हो गया है। इस हैण्डबैग में 23 तोला सोने के जेवर जिनमें 11 तोला की आड, 7 तोला की सोहनकंठी, डेढ तोला का मंगलसूत्र, 3.5 तोला की रखड़ी सेट एवं पांच जोड़ी चांदी के छड़े एवं छह हजार रुपए थे।