गर्मी के साथ हुई फाल्गुन महीने की शुरुआत, अगले 3-4 दिन में बढ़ने वाली हैं तपन

सर्दियों का दौर जारी हैं लेकिन दिन में मौसम का मिजाज बदलता दिखाई दे रहा हैं। आज फाल्गुन महीने की शुरुआत हुई हैं और इसी के साथ ही प्रदेश में गर्मी क दौर भी शुरू हो गया। कल 8 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है और आने वाले 3-4 दिनों में यह तपन और बढ़ने वाली हैं। मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी राजस्थान के जिलों में गर्मी बढ़ने के पीछे कारण पश्चिमी हवाओं का असर माना जा रहा है। जयपुर मौसम केन्द्र के मुताबिक अगले 20 फरवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तेज धूप निकलेगी। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी।

पाकिस्तानी क्षेत्र से अब गर्म हवाएं पश्चिमी राजस्थान में आनी शुरू हो गई। इससे बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, सिरोही, बीकानेर में दिन में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इन शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। बुधवार को बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 33, जबकि जालोर में 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सबसे कम तापमान करौली में 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं चित्तौड़गढ़ में 7.2, बारां में 7.8, भीलवाड़ा में 8, पिलानी में 9.5, सवाई माधोपुर में 9.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जिलों में न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड हुआ।