पाली : चोरी-छुपे घरों में खिलाया जा रहा था मृत्युभोज का खाना, तहसीलदार ने कारवाई कर जरुरतमंदों में वितरित किया भोजन

इस कोरोनाकाल में सरकार द्वारा संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए लॉकडाउन लगाया गया हैं और किसी भी प्रकार के समारोह पर पाबंदी लगाई गई हैं। लेकिन लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं और कोरोना गाइडलाइन का लगातार उल्लंघन कर रहे हैं। इससे जुड़ा एक मामला सामने आया सोजत तहसील के खोखरा गांव से जहां चोरी-छुपे चार-पांच घरों में लोगों को बिठाकर मृत्युभोज का खाना खिलाया जा रहा था। सोजत तहसीलदार को जब इसकी खबर मिली तो वे कारवाई करने पहुंचे और मृत्युभोज में बना 300 लोगों का खाना जब्त कर जुर्माना लगाया तथा खाना जरुरतमंदों में वितरित किया। यहां से जब्त किया भोजन सोजत शहर की गाडोलिया लोहार बस्ती में लाया गया व आम जरूरतमंदों को बुलाकर उनमें भोजन वितरित किया।
सूचना पर सोमवार को तहसीलदार दीपक सांखला रेवेन्यू टीम खोखरा गांव के कुम्हारों का बास में पहुंचे। चार-पांच घरों में महिलाओं व बच्चों को जाते देखा। टीम अलग-अलग उनके पीछे गई। घर खुलवा कर देखा तो अंदर अलग-अलग कमरों में लोगों को भोजन परोसा जा रहा था। कारवाई से बचने के लिए आयोजक ने अलग-अलग घरों में लोगों को बिठाकर खाना खिला रहा था। यहां बिना मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग के मिलने वाले लोगों के चालान काटे गए। जांच में सामने आया की रामाराम प्रजापत ने अपने पिता चुन्नीलाल की मौत होने पर मृत्युभोज का आयोजन किया था। तहसीलदार सांखला ने बताया कि बाहर से आए लोगों व घर के लोगों के लिए भोजन सामग्री छोड़ शेष भोजन सामग्री दाल-बाटी, चूरमा आदि जब्त किए। जिससे की लोग भोजन करने एकत्रित न हो।