बीकानेर : बदमाशों ने किया पेट्रोल पंप पर तांडव, टंकी फुल करवा कर्मचारी को पीटा, लूटे 35 हजार रुपए

शुक्रवार तड़के बीकानेर के पूगल क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर बदमाशों का तांडव देखने को मिला जिसमें तीन बदमाश कार में सवार होकर आए और टंकी फुल करवा कर्मचारी को पीट दिया। घटना पूगल क्षेत्र में स्थित इंदिरा गांधी नहर के पास आरडी-682 के पेट्रोल पंप पर हुई। बदमाशों ने कर्मचारी को बांधकर 35 हजार रुपए की लूट भी की। बदमाशों के भागने के बाद कर्मचारी ने जैसे-तैसे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी करवा दी। बीकानेर में उच्चाधिकारियों को भी घटना के बारे में जानकारी दी गई है।

थानाधिकारी महेश सिला ने बताया कि सुबह चार बजे पेट्रोल पंप पर क्विड कार में तीन युवक पेट्रोल भरवाने पहुंचे। पेट्रोल की टंकी फुल करवाने के बाद उन्होंने ऑनलाइन पेमेंट की बात कही। स्वेप मशीन लेने के लिए जैसे ही पेट्रोल कर्मचारी मुड़ा वैसे ही कार में पीछे बैठे तीन युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। उसके साथ मारपीट की और बाद में रस्सी से बांध दिया। इसके बाद बदमाश पंप में रखे हुए 35 हजार रुपए लूटकर ले गए।

दरअसल, पूगल के आरडी-682 के बाद सीधे पूगल गांव ही आता है। बीच में लंबा-चौड़ा क्षेत्र पूरी तरह से विरान है और अधिकांश रास्ते गांवों की ओर निकल जाते हैं। ऐसे में पुलिस को इन लुटेरों को पकड़ने में अब दिक्कत आ सकती है। हालांकि, मुख्य मार्ग एक ही है। शहर की तरह यहां सीसीटीवी फुटेज मिलना भी मुश्किल होता है। पंप भी सीसीटीवी फुटेज नहीं लगा हुआ था।