बीकानेर : पिछले साल से इस बार ढाई गुना अधिक रहेगी गार्गी पुरस्कार छात्राओं की संख्या, 98.22% हुई फर्स्ट डिवीजन पास

10वीं बोर्ड परीक्षा में 75 फीसदी या इससे अधिक अंक लाने वाली छात्राएं गार्गी पुरस्कार के लिए आवेदन करने की पात्र होती हैं। पिछले साल जिले में फर्स्ट डिवीजन से पास हुई 6382 छात्रों में से 75% या इससे अधिक अंक लाने वाली 2048 छात्राओं ने गार्गी पुरस्कार के लिए आवेदन किया था। जिले में पिछले साल 34.96% बालिकाएं फर्स्ट डिवीजन लाईं, इस साल 98.22% फर्स्ट डिवीजन से पास हुईं हैं। नतीजा इस बार गार्गी पुरस्कार पाने वाली छात्राओं की संख्या में निश्चित तौर पर बढ़ोतरी होगी। पिछले साल गार्गी पुरस्कार के लिए राज्य स्तर पर 54 हजार छात्राएं पात्र थी। जिन्होंने रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। उनके खाते में पुरस्कार की राशि जमा करवाई जा रही है।

शिक्षा सत्र 2021 में बीकानेर जिले के परीक्षा परिणाम में पिछले साल के मुकाबले 16.85% की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। पिछले साल छात्राओं का परीक्षा परिणाम 82.76% रहा। जबकि इस बार यह परिणाम 99.61% दर्ज किया गया है। इसमें भी 98.22% छात्राओं ने फर्स्ट डिवीजन हासिल की है। जबकि पिछली बार मात्र 34.96% छात्राओं के ही फर्स्ट डिवीजन आई थी। इस साल जिले में फर्स्ट डिवीजन से पास होने वाली छात्राओं की संख्या 18868 है। जो कि पिछले साल से 12486 अधिक है। अब आवेदन करने के बाद पता चलेगा कि 75 प्रतिशत से अधिक अंक कितनी छात्राएं लाई है, यह तय है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल यह ढाई से तीन गुना अधिक जरूर होगी। इसके लिए राज्य सरकार को अतिरिक्त बजट की व्यवस्था करनी होगी।