डूंगरपुर : किशोरी के घर वालों ने शादी करने से किया इनकार तो काट डाला चाकू से अपना गला

जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां एक प्रेमी ने प्रेमिका के घरवालों द्वारा शादी से इनकार करने पर सभी के सामने चाकू से अपना गला काट डाला। नाबालिग प्रेमी नाबालिग लड़की से शादी की जिद पर अड़ा था। देखते ही देखते पूरे आंगन में खून बिखर गया। गंभीर अवस्था में उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। कुछ दिन पहले ही गांव से किशोरी को वह भगाकर गुजरात ले गया था। वहां से परिजन किशोरी को लेकर गांव आए तो पीछे-पीछे प्रेमी भी आ गया।

जानकारी के अनुसार 12 जुलाई को 17 वर्षीय प्रेमी अपने ही गांव की 16 साल की किशोरी के साथ गुजरात भाग गया था। वह अहमदाबाद में मजदूरी करता था। किशोरी के परिजनों ने खोजबीन शुरू की। खोजते-खोजते प्रेमी के घर चले गए। वहां से जानकारी मिली कि दोनों गुजरात चले गए हैं। किशोरी के परिजन 3 अगस्त को बेटी को ढूंढ कर वापस घर ले आए। इसके बाद नाराज प्रेमी शनिवार दोपहर उसके घर पहुंचा। शादी कराने की जिद करने लगा। फिर खूब हंगामा किया। जब लड़की के घर वाले नहीं माने तो अपने आप को चाकू मार लिया।