जोधपुर जिले के तिलवासनी गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां एक परिवार की खुशियां तब मातम में बदल गई जब शादी के चंद घंटे पहले युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। एक दिन पूर्व शनिवार सायं को गाजे-बाजे के साथ युवक की बिंदोली निकाली गई थी, लेकिन रविवार को दोपहर का अचानक युवक फंदे पर लटक गया। परिजनों को पता लगते ही नीचे उतारकर पीपाड़ सिटी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया और बाद में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों का कहना है कि सुबह तक वह एकदम ठीक था और काफी खुश नजर आ रहा था। दोपहर में यकायक उसने यह कदम उठा लिया।
थानाधिकारी अचलदान ने बताया कि तिलवासनी निवासी आसिफ ऊर्फ अशोक खान मिरासी ने घर में फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई निशार खान ने रिपोर्ट में बताया कि मेरे भाई की शादी रात को होनी थी। रविवार शाम को बारात पाली जिले के सोजत सिटी तहसील के रेंदडी ग्राम जानी थी, लेकिन दोपहर को लगभग एक बजे घर में ही फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट में बताया कि मेरा भाई मानसिक रोग से ग्रस्त था। हम कोई कार्रवाई नहीं चाहते। शादी से ठीक पहले युवक की आत्महत्या का कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। हालांकि परिजनों ने युवक को मानसिक रोग से ग्रस्त बताया। उसके पास से किसी प्रकार का सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।