भरतपुर : 22 साल की लड़की ने सुजान गंगा नहर में छलांग लगा की आत्महत्या, एक घंटे बाद मिली लाश

भरतपुर की सुजान गंगा नहर जिसे राजा महाराजाओं ने लोगों को कभी पानी की समस्या से न जूझना पड़े इसलिए बनवाया था वह अब सुसाइड पॉइंट बनती जा रही हैं। आज सोमवार सुबह 22 साल की एक लड़की ने सुजान गंगा नहर में छलांग लगा आत्महत्या कर ली जिसकी लाश एक घंटे बाद मिली हैं। सूचना मिलने पर SDRF की टीम और चौबुर्जा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को नहर से निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल लड़की के शव को जिला आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। अभी तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों ने बताया की एक लड़की ने शहर के केतन गेट की तरफ से सुजान गंगा नहर में छलांग लगा दी। जैसे ही स्थानीय लोगों ने उसे नहर में कूदते हुए देखा तो उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की को काफी ढूढ़़ने की कोशिश की लेकिन जब उन्हें लड़की का पता नहीं चला तो SDRF टीम को बुलाया। SDRF की टीम ने करीब एक घंटे की कोशिश के बाद लड़की के शव को नहर से निकाला। लड़की की शिनाख्तगी के प्रयास किये जा रहें हैं।